‘देश के खिलाफ साजिश रची तो खैर नहीं, चुन-चुनकर होगा हिसाब’: आतंकियों और गद्दारों को LG मनोज सिन्हा की खुली चेतावनी

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आतंकवादियों और देश के खिलाफ साजिश रचने वालों को सख्त लहजे में चेतावनी दी है। उन्होंने साफ कहा कि राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा।

एलजी मनोज सिन्हा ने कश्मीरी पंडितों की सुरक्षा और सम्मान के साथ घर वापसी को केंद्र सरकार की प्राथमिकता बताया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आतंकवाद से जुड़े हर पुराने मामले की दोबारा जाँच होगी। दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाना सरकार का लक्ष्य है।

जम्मू विश्वविद्यालय में एक पुस्तक विमोचन के दौरान एलजी ने कहा कि अपनी ही जमीन पर अजनबी बन जाना सबसे बड़ा दुख है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कश्मीरी पंडितों की सुरक्षित वापसी के लिए प्रतिबद्ध हैं।

विस्थापन का दर्द आज भी गहरा है, लेकिन समुदाय ने अपनी संस्कृति को जिंदा रखा। पाकिस्तान समर्थित आतंकियों ने निर्दोष मुसलमानों की भी जान ली। अनुच्छेद 370 हटने के बाद अब कश्मीर में नई उम्मीद जागी है। सरकार आतंक के ईको-सिस्टम को पूरी तरह खत्म करने में जुटी है।