₹5 लाख के इनामी समेत 3 नक्सली हुए ढेर, झारखंड के गुमला में सुरक्षाबलों की कार्रवाई: AK-47 समेत कई हथियार बरामद

झारखंड के गुमला जिले में बुधवार (24 सितम्बर 2025) की सुबह सुरक्षा बलों और पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की। केचकी जंगल में हुई मुठभेड़ में तीन नक्सली मार गिराए गए, जिनमें दो पर पाँच-पाँच लाख का इनाम घोषित था।

गुमला पुलिस ने बताया की कि मारे गए नक्सलियों में लोहरदगा निवासी लालू लोहरा और लातेहार निवासी छोटू उरांव शामिल हैं। दोनों प्रतिबंधित संगठन झारखंड जनमुक्ति परिषद (जेजेएमपी) के सब-जोनल कमांडर थे और लंबे समय से सक्रिय थे। इनके अलावा लोहरदगा का रहने वाला सुजीत उरांव भी मुठभेड़ में मारा गया, जो संगठन का सक्रिय कैडर था। पुलिस ने घटनास्थल से एके-47 और अन्य हथियार बरामद किए हैं।

सितम्बर महीने में यह चौथी बड़ी मुठभेड़ है। इससे पहले 15 सितंबर 2025 को हजारीबाग में हुई कार्रवाई में एक करोड़ के इनामी सहदेव सोरन सहित तीन नक्सली ढेर हुए थे। 14 सितंबर 2025 को पलामू और 7 सितंबर 2025 को पश्चिमी सिंहभूम में भी सुरक्षाबलों ने इनामी नक्सलियों को मार गिराया था।

पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, इस साल अब तक झारखंड में 32 नक्सली मारे जा चुके हैं। वर्तमान में राज्य में करीब 100 से 150 माओवादी सक्रिय बताए जा रहे हैं। पुलिस और केंद्रीय बल मार्च 2026 तक झारखंड को नक्सल मुक्त बनाने के लक्ष्य के साथ अभियान चला रहे हैं।