लश्कर-ए-तैयबा के पोस्टर लेकर श्रीनगर में घूम रहे थे फैसल भट और अहमद गुरू, पुलिस ने दबोचा: 1 पिस्तौल-3 मैग्जीन-21 जिंदा कारतूस बरामद

जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में बाबा डेम इलाके में नाका चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो आतंकियों को गिरफ्तार किया है। पड़ताल में इनके पास से पुलिस को हथियार, जिंदा कारतूस और लश्कर-ए-तैयबा के पोस्टर बरामद हुए हैं।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सोमवार को नियमित जाँच के दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके पास से 1 पिस्तौल, 3 मैगजीन, 21 जिंदा राउंड, 2 मोबाइल फोन और लश्कर-ए-तैयबा के 10 पोस्टर बरामद हुए।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान फैसल अहमद भट और फैसल अहमद गुरू के रूप में हुई है। बरामदगी के बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

दोनों के विरुद्ध दर्ज एफआईआर में यूएपीए और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं को जोड़ा गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जाँच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि दोनों का किसी आतंकी संगठन से संबंध है या नहीं।