ईद से पहले कन्नौज में UP पुलिस ने मजहबी स्थलों पर लगे अवैध लाउडस्पीकरों को उतरवाया, 62 की वॉल्यूम कराई कम: कहा- त्योहार पर कोई अफवाह फैलाई तो छोड़ेंगे नहीं

उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में गुरुवार (19 मार्च 2026) की सुबह पुलिस ने अवैध लाउडस्पीकरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। SP बिनोद कुमार के नेतृत्व में तड़के 5 बजे शुरू हुए इस अभियान में जिले के विभिन्न धार्मिक/मजहबी स्थलों से 15 अवैध लाउडस्पीकर उतरवाकर जब्त कर लिए गए।

इसके अलावा, मानकों का उल्लंघन कर रहे 62 अन्य लाउडस्पीकरों की आवाज भी धीमी कराई गई। SP ने बताया कि यह कार्रवाई नवरात्रि और ईद-उल-जुहा जैसे आगामी त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए की गई है।

पुलिस बल ने सुबह-सुबह मंदिरों और मस्जिदों का निरीक्षण किया, जिससे वहाँ मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य ध्वनि प्रदूषण रोकना और तय मानकों को लागू करना है। अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की अफवाह फैलाने या शांति भंग करने की साजिश रचने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।