कर्नाटक बिटकॉइन घोटाल: चार्जशीट में कॉन्ग्रेस MLA के बेटे मोहम्मद हारिस का नाम, SIT ने कहा- बिटकॉइन को नकदी में बदलने की व्यवस्था की

कर्नाटक के चर्चित बिटकॉइन घोटाले में बड़ा खुलासा हुआ है। स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने अपनी चार्जशीट में कॉन्ग्रेस विधायक NA हरीस के बेटे मोहम्मद हरीस नालापड़ का नाम शामिल किया है। जाँच एजेंसी का दावा है कि नालापड़ उन लोगों में शामिल थे जिन्हें हैकर श्रीकृष्ण रमेश उर्फ श्रीकी द्वारा चोरी किए गए बिटकॉइन से फायदा पहुँचा।

मामला 2017 में तुमकुरु स्थित क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज यूनोकॉइन से 60.6 बिटकॉइन की चोरी से जुड़ा है। उस समय इन बिटकॉइन की कीमत करीब 1.14 करोड़ रुपए थी लेकिन बिटकॉइन की कीमत बढ़ने के बाद अब इनकी कीमत 35 करोड़ रुपए से अधिक बताई जा रही है।

SIT के अनुसार, श्रीकी ने चोरी किए गए बिटकॉइन को भारतीय रुपये में बदलने के लिए नालापड़ से मदद माँगी थी। जाँच में दावा किया गया है कि नालापड़ ने अपने कुछ सहयोगियों और मुंबई के संपर्कों की मदद से बिटकॉइन को नकदी में बदलवाने की व्यवस्था की। यह लेनदेन कथित तौर पर हवाला नेटवर्क के जरिए किया गया।

इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जाँच कर रहा है। ED ने नालापड़, उनके भाई उमर फारूक नालापड़ और अकीब खान को अपराध से हुई कमाई का लाभार्थी बताया है। हालाँकि, मोहम्मद नालापड़ ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए इसे राजनीतिक साजिश बताया है।