शिवलिंग तोड़ा, देवी की मूर्तियाँ की गई खंडित-पोता कालिख: कर्नाटक में निशाने पर हिंदू मंदिर, सुरक्षा में फेल साबित हो रही कॉन्ग्रेस सरकार

कर्नाटक के गदग जिले में शांति भंग करने की कोशिश में उपद्रवियों ने मंदिरों को निशाना बनाया है। मुंडरगी तालुका के मल्लिकार्जुनपुर में एक शिव मंदिर में शिवलिंग को खंडित कर दिया गया है। वहीं, लक्ष्मेश्वर तालुका के आदरल्ली गाँव में दंदिन मरियम्मा मंदिर में देवी की मूर्ति के साथ बर्बरता की गई।

उपद्रवियों ने न केवल देवी के चेहरे पर कालिख पोती, बल्कि मूर्ति के चेहरे वाले हिस्से को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों और भक्तों में भारी गुस्सा है। पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

गदग जिले में पिछले कुछ दिनों से मंदिरों को निशाना बनाने की घटनाएँ लगातार बढ़ रही हैं। हाल ही में महाशिवरात्रि के दिन शिंगटालूर गाँव में भी शिवलिंग और नंदी की मूर्ति तोड़ी गई थी। इन घटनाओं को देखकर लगता है कि अपराधी जानबूझकर पुराने और सुनसान इलाकों में बने मंदिरों को अपना निशाना बना रहे हैं।

कर्नाटक के हिंदू मंदिरों पर कट्टरपंथियों का हमला (फोटो साभार : Bhaskar)

लक्कुंडी गाँव में हाल ही में मिले सोने के खजाने और खुदाई के काम के बीच इन वारदातों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा देने की माँग की है। पुलिस फिलहाल CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के जरिए आरोपितों की तलाश में जुटी है।