कर्नाटक में कॉन्ग्रेस सरकार के ढाई साल पूरे होने से पहले फिर आमने-सामने सिद्धरमैया-DK शिवकुमार, डिप्टी CM बोले- चिंता मत करो, मैं लाइन में पहले नंबर पर हूँ

कर्नाटक की राजनीति में एक बार फिर मुख्यमंत्री पद को लेकर कॉन्ग्रेस के दो बड़े नेताओं, सिद्धरमैया और डीके शिवकुमार, के बीच विवाद गहरा गया है। ढाई साल पूरे होने पर सीएम पद बदलने के वादे की अटकलों के बीच, बुधवार (19 नवंबर 2025) को दोनों नेताओं के बयानों से सियासी पारा चढ़ गया।

वर्तमान मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने साफ संकेत दिया कि वह पद पर बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि अगला यानी 17वाँ वित्त बजट भी वही पेश करेंगे। दूसरी ओर, उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने अपने समर्थकों से कहा, “चिंता मत करो, मैं लाइन में पहले नंबर पर हूँ।” शिवकुमार ने यह भी कहा कि कोई भी पद पर स्थायी नहीं रह सकता और वह प्रदेश अध्यक्ष का पद छोड़ सकते हैं।

यह विवाद मई 2023 के चुनाव के बाद शुरू हुआ था। उस समय आलाकमान ने सिद्धरमैया को सीएम और शिवकुमार को डिप्टी सीएम बनाया था। जानकारी के अनुसार, तब यह ढाई-ढाई साल के सीएम रोटेशन का फॉर्मूला तय हुआ था, जिसका समय अब पूरा होने वाला है। दोनों नेताओं के बड़बोले बयानों से राज्य में राजनीतिक अनिश्चितता बढ़ गई है।