अयोध्या राम मंदिर परिसर में घुसे कश्मीरी युवक-युवती, पढ़ने लगे नमाज: पुलिस वालों के पकड़ने पर करने लगे मजहबी नारेबाजी, गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के अयोध्या स्थित राम मंदिर से एक बड़ी खबर सामने आई है। राम मंदिर परिसर के दक्षिणी परकोटे क्षेत्र में नमाज पढ़ने की कोशिश कर रहे तीन कश्मीरियों को सुरक्षाबलों ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि इनमें दो युवक और एक युवती थी।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना शनिवार (10 जनवरी 2025) सुबह की है और जब पुलिस ने तीन लोगों को पकड़ा तो उन्होंने मजहबी नारेबाजी भी की थी। मंदिर परिसर में मौजूद लोगों को कहना है कि तीनों लोग संदिग्ध हरकतें कर रहे थे। फिलहाल, उनसे पूछताछ की जा रही है कि वह अयोध्या क्यों आए थे।

बताया जा रहा है कि तीनों D1 गेट से घुसे थे और इसके बाद सीता रसोई के पास नमाज पढ़ने के लिए युवक बैठ गया था। पकड़े गए एक युवक का नाम अबू अहमद शेख है और वह कश्मीर के शोपियाँ का रहने वाला है। वहीं, लड़की का नाम सोफिया बताया जा रहा है।

घटना की जानकारी मिलते ही खुफिया एजेंसियां, स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी हरकत में आ गए। फिलहाल जिला प्रशासन की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, वहीं राम मंदिर ट्रस्ट ने भी पूरे घटनाक्रम पर कोई बयान जारी नहीं किया है।