एक्टर दुलकर सलमान-पृथ्वीराज के घर कस्टम विभाग का छापा, भूटान से तस्करी कर लाई गईं लग्जरी गाड़ियाँ जब्त: US एम्बेसी और सेना के फर्जी स्टैम्प से हुआ था रजिस्ट्रेशन

केरल में कस्टम्स और सेंट्रल एक्साइज विभाग ने मंगलवार (26 सितंबर 2025) को एक बड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने अवैध रूप से लाई गईं महंगी लग्जरी गाड़ियों के खिलाफ करीब 30 जगहों पर छापे मारे। जिन जगहों पर छापेमारी हुई, उनमें मशहूर फिल्म अभिनेता पृथ्वीराज सुकुमारन, दुलकर सलमान और अमित चक्कलाक्कल के घर भी शामिल हैं। अधिकारियों ने दुलकर सलमान की दो महंगी गाड़ियों की पहचान कर ली है। अब इन अभिनेताओं को समन भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा।

फर्जी कागजों से भारत लाई गईं गाड़ियाँ

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह कार्रवाई तिरुवनंतपुरम, एर्नाकुलम, कोट्टायम और कोझिकोड जैसे कई जिलों में की गई। अधिकारियों ने बताया कि यह छापेमारी देशभर में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नुमखोर’ का हिस्सा है। ‘नुमखोर’ का मतलब भूटानी भाषा में ‘वाहन’ होता है। इस ऑपरेशन का मकसद उन महंगी गाड़ियों को पकड़ना है, जो भूटान से फर्जी कागजात के जरिए भारत में लाई जा रही हैं।

कोच्चि में कस्टम्स के कमिश्नर टी तिजू ने बताया कि इस दौरान 36 लग्जरी कारें जब्त की गई हैं। कई गाड़ियों को तस्करी के जरिए भारत लाया गया और फिर फर्जी दस्तावेजों के दम पर यहाँ रजिस्टर कर दिया गया।

सेना और दूतावास के नकली कागजात

कमिश्नर ने बताया कि तस्कर इन गाड़ियों को या तो पूरी तरह से अलग-अलग हिस्सों (पार्ट्स) में लाकर जोड़ते थे, या कंटेनर में छिपाकर लाते थे। इसके बाद इन्हें बेचने के लिए सेना (Indian Army) और अमेरिकी दूतावास (US Embassy) की नकली मुहरों और कागजात का इस्तेमाल किया जाता था। इससे खरीदारों को लगता था कि ये गाड़ियाँ पूरी तरह से वैध हैं।

राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा

कमिश्नर तिजू ने इस तस्करी को गंभीर खतरा बताया। कमिश्नर ने कहा कि अगर कोई इस तरह से गाड़ियों की तस्करी कर सकता है, तो वह सोना और नशीले पदार्थ भी ला सकता है। कमिश्नर ने यह भी बताया कि आमतौर पर ऐसी गाड़ियाँ फिल्मी सितारों जैसे उच्च-आय यानि ज्यादा पैसे वाले अमीर लोग ही खरीदते हैं।