केरल के प्रसिद्ध सबरीमाला श्री अय्यप्पा मंदिर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मंदिर में घी की बिक्री में करीब 35 लाख रुपए के गबन का आरोप लगा है। केरल हाई कोर्ट ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया है और राज्य विजिलेंस विभाग को आदेश दिया है कि एक महीने के भीतर इस पूरे घोटाले की जाँच कर रिपोर्ट पेश करें। मामले में कार्रवाई करते हुए काउंटर इंचार्ज सुनील पोटी को सस्पेंड कर दिया गया है।
यह पूरा मामला पिछले साल 17 नवंबर से 26 दिसंबर के बीच का है। मंदिर के विजिलेंस ऑफिसर को जब शक हुआ, तो इंटरनल ऑडिट कराया गया। रिपोर्ट में पता चला कि ठेकेदार ने घी के 3,52,050 पैकेट तैयार किए थे, जिनमें से 89,300 पैकेट काउंटर पर बेचने के लिए भेजे गए। रिकॉर्ड के हिसाब से करीब 89,129 पैकेट बिके थे, जिनका पैसा ‘त्रावणकोर देवस्सोम बोर्ड’ के खाते में जमा होना चाहिए था।
जाँच में बड़ा फर्जीवाड़ा तब पकड़ा गया जब पता चला कि कर्मचारियों ने केवल 75,450 पैकेट की रकम ही जमा की। करीब 13,679 पैकेटों का पैसा, जो लगभग 13.67 लाख रुपए बनता है, उसका कोई हिसाब ही नहीं मिला। शुरुआती जाँच में कुल गबन 35 लाख रुपए के आसपास बताया जा रहा है। अब एंटी करप्शन विभाग इस बात की पड़ताल कर रहा है कि इस खेल में और कौन-कौन शामिल है।

