KKR ने मुस्ताफिजुर को हटाया तो बांग्लादेश देने लगा गीदड़भभकी, ICC से की T20 वर्ल्ड कप के मैच श्रीलंका शिफ्ट करने की माँग: खेल सलाहकार ने कहा- IPL भी नहीं दिखाएँगे

बांग्लादेश में हिंदुओं पर जारी अत्याचार के बीच कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से मुस्ताफिजुर रहमान को रिलीज किए जाने के बाद बांग्लादेशियों ने गीदड़भभकी देने की कोशिश की है। बांग्लादेश के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय से IPL का प्रसारण बंद करने को कहा है। साथ ही, ICC से माँग की गई है कि भारत में होने वाले टी20 विश्व कप के बांग्लादेश के सभी मैचों को श्रीलंका में शिफ्ट कर दिया जाए।

KKR के फैसले के बाद शनिवार (3 जनवरी 2026) को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने जूम के जरिए एक आपात बैठक की। इस बैठक को लेकर मीडिया कमेटी के चेयरमैन अमजद हुसैन ने कहा कि बांग्लादेश के टी20 वर्ल्ड कप के तीन मैच कोलकाता में निर्धारित हैं और इस घटनाक्रम के बाद वो ICC को अपनी चिंताओं के बारे में बताएँगे।

बांग्लादेश के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने फेसबुक पोस्ट के जरिये बांग्लादेश के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय से कहा कि देश में IPL का प्रसारण तुरंत बंद किया जाए। साथ ही उन्होंने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को निर्देश दिया कि वह इस पूरे मामले को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के सामने रखे।

क्यों बांग्लादेश ने श्रीलंका में मैच शिफ्ट करने की माँग की

बात दें की बांग्लादेश के चारों ग्रुप मैच भारत में तय हैं जिसमें से तीन कोलकाता और एक मुंबई में होना है। इसे लेकर आसिफ नजरुल का कहना है कि जब एक बांग्लादेशी खिलाड़ी, जो कॉन्ट्रैक्ट में था, भारत में सुरक्षित नहीं माना गया तो बांग्लादेश की टीम भी भारत जाकर खेलने में खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर सकती।

इसी आधार पर BCB को ICC से औपचारिक रूप से वेन्यू बदलने का अनुरोध करने को कहा गया है। हालाँकि, BCCI ने इस माँग को अव्यावहारिक बताया है। बोर्ड के अधिकारी के मुताबिक टूर्नामेंट शुरू होने में केवल एक महीना बचा है और इस स्तर पर मैच शिफ्ट करना लॉजिस्टिक रूप से बेहद मुश्किल है।