‘Sorry लियोनल मेसी’: कोलकाता स्टेडियम में हुए हंगामे के बाद बंगाल CM ने सार्वजनिक रूप से माँगी माफी, नाराज फैंस कर रहे रिफंड की माँग

कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में शनिवार (13 दिसंबर 2025) को अर्जेंटीना के महान फुटबॉल स्टार लियोनल मेसी को देखने आए हजारों फैंस निराश हो गए। कार्यक्रम में मेसी की उपस्थिति उम्मीद के अनुसार नहीं रही, जिससे निराश फैंस का गुस्सा भड़क उठा।

सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में साफ दिखा कि फैंस बैरिकेड तोड़ रहे हैं और स्टेडियम में कुर्सियाँ व बोतलें फेंक रहे हैं। फैंस का आरोप था कि स्टेडियम में बहुत ज्यादा VIP लोगों के मौजूद रहने के कारण वे मेसी को ठीक से देख नहीं पाए, जबकि टिकट की कीमत ₹5,000 से ₹25,000 तक थी।

ममता बनर्जी ने माँगी माफी

इस पूरे हंगामे से परेशान पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सार्वजनिक रूप से मेसी, उनके फैंस और सभी खेल प्रेमियों से सोशल मीडिया पर पोस्ट कर माफी माँगी है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर बताया कि वह इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना की जाँच के लिए एक कमेटी का गठन कर रही हैं। इस कमेटी की अध्यक्षता सेवानिवृत्त जज अशिम कुमार राय करेंगे, जबकि मुख्य सचिव और गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव इसके सदस्य होंगे।

ममता बनर्जी ने कहा कि यह कमेटी पूरे मामले की जाँच करेगी, जिम्मेदार लोगों की पहचान करेगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुझाव देगी।

आयोजन और प्रबंधन पर सवाल

गुस्साए फैंस ने इस घटना को अपमानजनक बताया और सवाल किया कि आयोजकों ने भीड़ प्रबंधन की सही तैयारी क्यों नहीं की। एक नाराज दर्शक ने रिफंड की माँग करते हुए कहा कि जब मेसी के चारों ओर सिर्फ VIP लोग थे तो इतनी महँगी टिकट क्यों बेची गईं?

इस पूरे हंगामे ने आयोजकों की तैयारी और प्रशासन के भीड़ प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिसकी जाँच अब शुरू कर दी गई है।