बिहार विधानसभा चुनाव से पहले INDI ब्लॉक में सीट बँटवारे पर अब तक कोई औपचारिक घोषणा नहीं हुई है। लेकिन RJD प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने सोमवार (13 अक्टूबर 2025) को अचानक अपने पसंदीदा उम्मीदवारों को पार्टी टिकट बाँट दिए।
दरअसल, लालू यादव दिल्ली की कोर्ट में पेशी के बाद पटना पहुँचे तो उनके आवास के बाहर भारी भीड़ जुटी हुई थी। टिकट की माँग करते उम्मीदवार लालू के घर पहुँचे और कुछ ही मिनटों में RJD का चुनाव चिन्ह (लालटेन) लेकर मुस्कुराते हुए बाहर निकले।
इनमें प्रमुख नाम सुनील सिंह, जिन्होंने हाल ही में नीतीश कुमार की जदयू (JDU) छोड़ी थी और नरेंद्र कुमार सिंह उर्फ बोगो शामिल हैं, जो नीतीश कुमार की पार्टी से विधायक रह चुके हैं।
RJD में पिता-पुत्र के बीच टकराव, तेजस्वी ने नाराज होकर लौटवाए पार्टी चिन्ह
हालाँकि लालू के बेटे और महागठबंधन के अध्यक्ष तेजस्वी यादव इस कदम से नाराज बताए जा रहे हैं। उन्होंने सोमवार (13 अक्टूबर 2025) की आधी रात के बाद टिकट वितरण रुकवाया और नेताओं से कहा कि पार्टी चिन्ह वापस करें।
तेजस्वी ने अपने पिता से कहा कि टिकट देने की तस्वीरें और वीडियो सामने आने से गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ चल रही बातचीत पर असर पड़ सकता है, क्योंकि सीट बँटवारा अभी तय नहीं हुआ है।
यह पहली बार नहीं है जब लालू यादव ने गठबंधन की सहमति से पहले टिकट दिए हों। 2024 लोकसभा चुनाव से पहले भी उन्होंने कुछ नेताओं को टिकट दे दिए थे। हालाँकि बाद में कॉन्ग्रेस, वाम दल और RJD के बीच समझौता हो गया था।
इसी बीच तेजस्वी यादव ने सोमवार (13 अक्टूबर 2025) शाम कॉन्ग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गाँधी से मुलाकात की। बैठक में के सी वेणुगोपाल और कृष्णा अल्लावरू भी मौजूद थे।
इसमें बिहार के सीट बँटवारे पर चर्चा हुई। बताया जा रहा है कि गठबंधन की औपचारिक घोषणा मंगलवार (14 अक्टूबर 2025) की शाम तक हो सकती है, क्योंकि तेजस्वी बुधवार (15 अक्टूबर 2025) को राघोपुर सीट से नामांकन भरने वाले हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बार कॉन्ग्रेस को पिछली बार से कम सीटें मिलने की संभावना है, क्योंकि 2020 विधानसभा चुनाव में कॉन्ग्रेस ने 70 सीटों पर लड़ा था, लेकिन सिर्फ 19 सीटें जीतीं। वहीं RJD ने 144 सीटों पर चुनाव लड़ा और 75 सीटें जीती थीं।
दूसरी ओर NDA ने सीट बँटवारे का ऐलान कर दिया है। जेडीयू और बीजेपी 101-101 सीटों पर लड़ेंगी, चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी 29 सीटों पर और जीतनराम मांझी की हम (से) तथा उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) 6-6 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी।
बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में 6 और 11 नवंबर 2025 को होंगे और गिनती 14 नवंबर 2025 को की जाएगी। पहले चरण के लिए नामांकन 10 अक्टूबर 2025 से शुरू हो चुका है, जिसमें 121 सीटों पर मतदान होगा।

