लश्कर ने भारत पर मुंबई अटैक जैसे हमले की दी गीदड़भभकी, पहलगाम का मास्टरमाइंड सैफुल्लाह बोला- समुद्र पर भी प्रभुत्व बनाएँगे

पाकिस्तान प्रायोजित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने एक बार फिर भारत के खिलाफ 26/11 जैसे समुद्री हमले की गीदड़भभकी दी है। पहलगाम हमले का मास्टरमाइंड माना जाने वाला लश्कर-ए-तैयबा का उप मुखिया सैफुल्लाह कसूरी एक वीडियो में दावा कर रहा है कि अब भारत पर समुद्री रास्ते से हमला किया जाएगा।

सीएनएन-न्यूज18 की रिपोर्ट के मुताबिक, वीडियो में सैफुल्लाह कसूरी खुले आम भारत को गीदड़भभकी दे रहा है और पाकिस्तान की कथित सैन्य ताकत का गुणगान कर रहा है। वीडियो में कसूरी ने दावा किया कि पाकिस्तान ने 2025 में ‘हवाई क्षेत्र में प्रभुत्व स्थापित किया’ और 2026 में वह ‘समुद्र पर भी प्रभुत्व स्थापित करेगा’। आतंकी कहता है कि जमीन, हवा और समुद्र तीनों मोर्चों पर दुश्मन के लिए कोई जगह नहीं बचेगी। वह इस कथित बढ़त को ‘अल्लाह की मर्जी’ बताता है और दावा करता है कि पाकिस्तान जल्द ही सभी रणनीतिक क्षेत्रों में नियंत्रण स्थापित कर लेगा।

रिपोर्ट के मुताबिक, ये बयान 2008 के मुंबई हमलों जैसी समुद्री आतंकी साजिश की अग्रिम चेतावनी हो सकते हैं। 2008 में लश्कर-ए-तैयबा ने अरब सागर के रास्ते मुंबई पर हमला किया था। एक्सपर्ट्स का कहना है कि ये धमकियाँ पाकिस्तान स्थित आतंकी नेटवर्क की उस कोशिश को दर्शाती हैं, जिसके तहत वे भारत की लगातार आतंकवाद विरोधी कार्रवाइयों के बावजूद खुद को प्रासंगिक बनाए रखना चाहते हैं।