लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ होंगे नए आर्मी चीफ, 30 जून 2026 से संभालेंगे भारतीय सेना की कमान: राष्ट्रपति ने दी मंजूरी, जानें उनके बारे में सबकुछ

देश को नया थल सेनाध्यक्ष मिल गया है। केंद्र सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को भारतीय सेना का अगला चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ नियुक्त करने की घोषणा कर दी है। रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, राष्ट्रपति ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी दे दी है।

वह 30 जून 2026 से सेना प्रमुख का पद संभालेंगे। वर्तमान सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी के सेवानिवृत्त होने के बाद वह यह जिम्मेदारी ग्रहण करेंगे। लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ फिलहाल भारतीय सेना में वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ के पद पर कार्यरत हैं।

उन्होंने अप्रैल 2026 में यह जिम्मेदारी संभाली थी। अब उन्हें सेना के सर्वोच्च पद पर नियुक्त किया गया है और उनका कार्यकाल 31 अगस्त 2028 तक रहेगा। भारतीय सेना में लगभग चार दशक लंबे अनुभव रखने वाले लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को रणनीतिक योजना, सैन्य संचालन, क्षमता विकास और संस्थागत नेतृत्व का व्यापक अनुभव हासिल है।

वह राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA), खड़कवासला के पूर्व छात्र रहे हैं और दिसंबर 1986 में आर्मर्ड कोर में कमीशन प्राप्त कर सेना में शामिल हुए थे। उनकी नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब भारतीय सेना आधुनिक सैन्य क्षमता, तकनीकी उन्नयन और बदलती सुरक्षा चुनौतियों के बीच कई अहम बदलावों के दौर से गुजर रही है।

लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ के पास चार दशकों का सैन्य अनुभव है। वे दक्षिणी कमान (Southern Command) और दक्षिण-पश्चिमी कमान (South Western Command) के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (GOC-in-C) रह चुके हैं। उन्हें पश्चिमी मोर्चे पर दो ऑपरेशनल कमांड की कमान संभालने का दुर्लभ गौरव प्राप्त है। उत्कृष्ट सेवा के लिए उन्हें पीवीएसएम (PVSM), यूवाईएसएम (UYSM) और एवीएसएम (AVSM) से सम्मानित किया जा चुका है।

रक्षा मंत्रालय की ओर से नियुक्ति संबंधी आदेश जारी कर संबंधित विभागों को आवश्यक जानकारी और आगे की प्रक्रिया के लिए सूचित कर दिया गया है।