बेटी तो बेटी होती है, अपमान बर्दाश्त नहीं: अदिति मामले में गरजे CM योगी, कहा- हमने तुरंत कराई FIR, अपने चेलों को समझाएँ अखिलेश यादव वरना हम करेंगे ठीक

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव को लेकर सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों का मामला अब राजनीतिक रूप से गरमा गया है। इस विवाद पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहली बार प्रतिक्रिया देते हुए साफ कहा कि किसी भी बेटी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

शनिवार को आजमगढ़ में एक कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने कहा, “मैं पिछले दिनों देख रहा था कि सपा प्रमुख की बेटी के खिलाफ कुछ लोगों ने गलत टिप्पणी की थी। मैंने तत्काल पुलिस से कहा कि FIR दर्ज करो। बेटी के खिलाफ कोई भी अपमानजनक टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

सीएम योगी ने आगे कहा, “हम तो उस संस्कार में पले-बढ़े हैं, जहाँ कहा जाता है कि गाँव की बेटी सबकी बेटी होती है, गाँव की बहन सबकी बहन होती है।” उन्होंने अखिलेश यादव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि दूसरों को उपदेश देने के साथ अपने समर्थकों को भी भाषा में संयम रखने की सीख देनी चाहिए। मुख्यमंत्री योगी ने कहा, “अखिलेश जी दूसरों को उपदेश देते हो। अपने चेले-चपाटों को भी थोड़ा उपदेश दे दो कि अपनी भाषा पर संयम रखें”

दरअसल 23 साल की अदिति यादव के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट किए गए थे। इस मामले में कानपुर और प्रतापगढ़ में अलग-अलग FIR दर्ज की गई हैं। आरोप है कि इन पोस्टों से अखिलेश यादव और उनके परिवार की छवि को नुकसान पहुँचाने की कोशिश की गई।