गाने के नाम पर माँ दुर्गा को गाली देने वाली सरोज सरगम गिरफ्तार, वीडियो शूट-अपलोड करवाने वाला पति भी पकड़ा गया: 6 FIR के बाद मिर्जापुर पुलिस का एक्शन

मिर्ज़ापुर की मड़िहान पुलिस ने माँ दुर्गा पर आपत्तिजनक गाने के मामले में मुख्य आरोपित गायिका सरोज सरगम और उनके पति राममिलन बिंद को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी लोगों के भारी विरोध और सोशल मीडिया पर उठी माँगों के बाद की गई।

सरोज सरगम ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो अपलोड किया था, जिसमें उन्होंने माँ दुर्गा के लिए वै$% और रं₹$ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था। इस वीडियो के वायरल होने के बाद लोगों में भारी आक्रोश था।

मिर्जापुर के SSP सोमेन वर्मा ने बताया कि यह एक गंभीर मामला था। धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने और समाज में द्वेष फैलाने के आरोप में पुलिस ने तुरंत FIR दर्ज की। SSP ने कहा कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया।

जाँच में यह भी सामने आया कि गाने की शूटिंग और अपलोडिंग में पति ने भी मदद की थी, इसलिए दोनों को जेल भेजा गया है। पुलिस ने कहा कि इस तरह की हरकतें बर्दाश्त नहीं की जाएँगी। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।