भारत में बच्चों के लिए बैन हो सोशल मीडिया: मैक्रों की PM मोदी से अपील, कहा- जो असल दुनिया में मंजूर नहीं वो इंटरनेट पर भी ना हो

दुनिया के कई देशों में बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर रोक लगाई जा रही है और अब भारत में भी इस पर बहस तेज हो गई है। इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने 15 साल से कम उम्र के बच्चों पर सोशल मीडिया बैन की वकालत की और उम्मीद जताई कि भारत भी इस पहल से जुड़ेगा।

मैक्रों ने कहा कि फ्रांस में 15 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल नेटवर्क पर प्रतिबंध की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जो चीज असल दुनिया में बच्चों के लिए मंजूर नहीं, वह इंटरनेट पर भी उपलब्ध नहीं होनी चाहिए।

उनके मुताबिक बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा सरकार, प्लेटफॉर्म और रेगुलेटर्स की संयुक्त जिम्मेदारी है। ग्रीस, स्पेन और अन्य यूरोपीय देश भी इस दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं। मैक्रों ने कहा कि बच्चों के लिए सुरक्षा सिर्फ नियम बनाना नहीं बल्कि सभ्यता का सवाल है।

समिट में मैक्रों ने भारत के डिजिटल बदलाव की तारीफ करते हुए मुंबई के एक स्ट्रीट वेंडर का उदाहरण दिया, जो पहले बैंक खाता नहीं खोल पाता था लेकिन अब डिजिटल पेमेंट लेता है। नॉर्वे, ब्रिटेन, स्पेन और डेनमार्क भी बच्चों के लिए आयु सीमा बढ़ाने या कड़े प्रतिबंध की तैयारी में हैं। भारत भी सोशल मीडिया कंपनियों से सख्त नियमों पर चर्चा कर रहा है।