मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 8वीं कक्षा के छात्र अंश साहू ने अपने घर में फाँसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजन को आशंका है कि ऑनलाइन गेम में दिए गए टास्क को पूरा करने के लिए 14 वर्षीय छात्र ने आत्मघाती कदम उठाया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मृतक के परिजन का कहना है कि अंश पिछले कुछ समय से मोबाइल पर ऑनलाइन गेम खेलने का आदी हो गया था। पढ़ाई पर पड़ रहे असर को देखते हुए परिवार ने उसे कई बार समझाने की कोशिश की थी। हाल ही में परिजनों ने उसका मोबाइल फोन भी अपने पास रख लिया था, जिससे वह काफी परेशान रहने लगा था।
सोमवार (2 फरवरी 2026) दोपहर अंश के माता-पिता एक तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से बाहर गए थे। जब वे लौटे तो उन्होंने अंश को कमरे में फंदे से लटका हुआ पाया। आनन-फानन में उसे नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अंश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके माता-पिता निजी स्कूल में शिक्षक हैं।

