6 साल की बच्ची से रेप करने वाला सलमान 5 दिन बाद भी फरार, गुस्साई भीड़ ने किया हंगामा: मस्जिद के बाहर किया पथराव, MP के रायसेन का मामला

मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के गौहरगंज क्षेत्र में 6 वर्ष की मासूम बच्ची से रेप के बाद खूब हंगामा हो रहा है। पुलिस घटना के 5 दिन बाद भी आरोपित सलमान को पकड़ नहीं पाई है और इससे आक्रोशित लोगों ने विशाल धरना प्रदर्शन किया है। लोगों के हंगामे को देखते हुए गौहरगंज में अघोषित कर्फ्यू के हालात हैं और लोग घरों में बंद हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, बुधवार (26 नवंबर 2025) को भी इलाके में अलग-अलग जगहों पर खूब हंगामा हुआ है। महिलाओं ने आरोपित को फाँसी की सजा दिए जाने की माँग करते हुए धरना दिया है। प्रदर्शन के दौरान भीड़ इतनी बेकाबू हो गई है कि मस्जिद के गेट के सामने पथराव कर दिया है। इसके बाद मौके पर पहुँचकर पुलिस ने भीड़ को शांत करने की कोशिश की। पुलिस के आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुँच रहे हैं।

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने भी इस जघन्य अपराध का संज्ञान लिया है। NHRC ने घटना को मानवाधिकारों का खुला उल्लंघन बताते हुए रायसेन के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी किया है। आयोग ने 10 दिनों के भीतर रिपोर्ट तलब की है। साथ ही, NHRC ने निर्देश जारी किए हैं कि पीड़ित परिवार को तुरंत आर्थिक सहायता दी जाए।

वहीं, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घटना के बाद रायसेन के SP पंकज कुमार को हटाकर आशुतोष को रायसेन का नया एसपी बनाया है। नर्मदापुरम रेंज के DIG प्रशांत खरे ने आरोपित सलमान पर 30,000 रुपए का इनाम घोषित किया है और उसकी जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया है। साथ ही, 300 से ज्यादा पुलिसकर्मी और 20 विशेष टीमें जंगलों में कॉम्बिंग कर रही हैं।