महाकुंभ में माला बेचते हुए अपनी खूबसूरत आँखों की वजह से वायरल हुई लड़की मोनालिसा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह कोई फिल्म या सोशल मीडिया पोस्ट नहीं, बल्कि उनकी शादी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मोनालिसा ने अपने मुस्लिम बॉयफ्रेंड फरमान खान से परिवार की मर्जी के खिलाफ शादी कर ली है। बताया जा रहा है कि दोनों ने केरल में पहले कोर्ट मैरिज की और बाद में मंदिर में भी शादी की।
इस खबर के सामने आने के बाद उन्हें फिल्म में लॉन्च करने का ऐलान करने वाले निर्देशक और स्क्रिप्ट राइटर सनोज मिश्रा ने इस पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लंबी पोस्ट लिखते हुए मोनालिसा के इस कदम को ‘बगावत नहीं, बल्कि लव जिहाद’ बताया है। वहीं, इस पूरे मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी काफी बहस छिड़ गई है।
सनोज मिश्रा ने शादी को बताया लव जिहाद
निर्देशक सनोज मिश्रा ने इंस्टाग्राम और फेसबुक पर एक लंबी पोस्ट लिखकर इस मामले पर नाराजगी जताई। उन्होंने अपनी पोस्ट का शीर्षक रखा ‘ये बगावत नहीं, लव जिहाद है।’
पोस्ट में मिश्रा ने लिखा कि महाकुंभ में वायरल होने के बाद मोनालिसा अचानक चर्चा में आई थीं। उनकी सादगी और व्यक्तित्व से प्रभावित होकर उन्होंने उन्हें फिल्म इंडस्ट्री में लॉन्च करने का फैसला किया था। मिश्रा का कहना है कि उन्होंने मोनालिसा को ट्रेनिंग देने और फिल्म में काम दिलाने के लिए काफी मेहनत की और इसके लिए उन्होंने कर्ज तक लिया।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके इस फैसले से कुछ लोग नाराज हो गए थे और उन्हें झूठे आरोपों में फंसाकर जेल तक भेज दिया गया। सनोज मिश्रा के मुताबिक, इस पूरे विवाद का मकसद महाकुंभ जैसे बड़े आयोजन को बदनाम करना था।
उन्होंने दावा किया कि जिन लोगों पर उन्होंने भरोसा किया था, वही बाद में मोनालिसा के मैनेजर बनकर उन्हें उनसे दूर ले गए। उनका आरोप है कि पैसों के लालच में मोनालिसा को गलत दिशा में ले जाया गया और यह पूरा मामला एक साजिश का हिस्सा हो सकता है।
‘सिर तन से जुदा’ की धमकी मिलने का दावा
सनोज मिश्रा ने गुरुवार (12 मार्च 2026) को एक और सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि उन्हें ‘सिर तन से जुदा‘ करने की धमकियाँ मिल रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ कट्टरपंथी संगठन इस पूरे मामले के पीछे हो सकते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि मोनालिसा की जिंदगी पहले से ही कई पारिवारिक संघर्षों से भरी रही है।
दूसरी ओर, मोनालिसा के परिवार ने भी इस शादी पर नाराजगी जताई है। परिवार के कुछ सदस्यों का कहना है कि उन्हें एक्टिंग सिखाने के नाम पर केरल बुलाया गया था, लेकिन बाद में अचानक शादी की खबर सामने आ गई।

