मैथिली ठाकुर 4000+ वोट से आगे, खेसारी लाल यादव को BJP की प्रत्याशी ने किया पीछे: जानिए बिहार चुनाव में चर्चा में रहे सेलिब्रिटी नेताओं का हाल

बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आने में कुछ ही समय शेष है। नतीजों से साफ हो जाएगा कि बिहार में किसकी सरकार बनेगी। फिलहाल तीन राउंड की वोटिंग में बीजेपी और जदयू के नेतृत्व में NDA गठबंधन ने बहुमत पार कर लिया है। अब देखते हैं कि बिहार चुनाव में सेलिब्रिटी नेता का क्या हाल है।

इस बार की चुनाव की बात करें तो सेलिब्रिटी नेताओं में सबसे ऊपर नाम लोकगायिका मैथिली ठाकुर का है। मैथिली ठाकुर बीजेपी के टिकट से दरभंगा की अलीनगर सीट से चुनाव लड़ रही हैं। शुरुआती रुझानों में मैथिली को 4113 वोटों से बढ़त मिल रही है। वहीं छपरा विधानसभा सीट में RJD के भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव BJP की छोटी कुमारी से पीछे चल रहे हैं। छोटी कुमारी 974 वोटों से बढ़त बनाए हुए हैं।

चुनाव में सबसे ज्यादा चर्चा में रही भोजपुरी स्टार पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह भी निर्दलीय चुनाव लड़ रही हैं। काराकाट से चुनाव लड़ रही ज्योति सिंह पहले राउंड की वोटिंग में पीछे चल रहे है। सीट पर जनता दल और RJD के बीच मुकाबला है।

उधर, बक्सर सीट से बीजेपी के टिकट से चुनाव लड़ रहे पूर्व IPS आनंद मिश्रा 2717 वोटों से बढ़त बनाए हुए है। सीट पर कॉन्ग्रेस के संजय कुमार तिवारी से टक्कर है।