बंगाल में आधी रात पड़ा छापा तो पकड़े गए 8 बांग्लादेशी, फर्जी आधार-वोटर कार्ड भी मिले: शाहिदुल इस्लाम ने अपने घर को बना रखा था घुसपैठियों का पनाहगाह

पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। निमता पुलिस ने रात में छापेमारी कर 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, इनमें 8 संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिक हैं, जिनमें महिलाएँ भी शामिल हैं। इस पूरे मामले में शरण देने वाले शाहिदुल इस्लाम नामक एक भारतीय नागरिक को भी गिरफ्तार किया गया है।

आरोप है कि ममता बनर्जी के शासनकाल के दौरान इन लोगों ने मिलीभगत से फर्जी दस्तावेज तैयार करवाए और अवैध तरीके से भारत में रहना शुरू कर दिया। गिरफ्तार किए गए संदिग्धों के नाम सुमन गाइन, बहारुल मंडल, अब्दुल रहमान सरदार, रियाज मंडल, इलिश सरदार, जाहारा बीबी, अनोवारा बीबी और सुमी बीबी हैं।

पुलिस ने इनके पास से कई भारतीय पहचान पत्र जैसे पैन कार्ड और वोटर ID कार्ड बरामद किए हैं। शुरुआती जाँच में सामने आया है कि पिछले कुछ वर्षों में इन लोगों ने फर्जी तरीके से ये भारतीय दस्तावेज हासिल किए।

इनके पास से बांग्लादेश के जेसोर का एक जन्म प्रमाणपत्र भी मिला है, जिससे इनके अवैध रूप से सीमा पार करने की पुष्टि होती है। सभी आरोपितों को बैरकपुर सब डिविजनल कोर्ट में पेश किया गया। हालाँकि, कोर्ट ले जाते समय कुछ आरोपितों ने खुद को बेकसूर बताते हुए दावा किया कि वे यहीं के रहने वाले हैं और उन्होंने यहाँ वोट भी डाला है।

फिलहाल जाँच एजेंसियाँ इस बात का पता लगा रही हैं कि ममता सरकार के इस कार्यकाल में इन संदिग्धों को फर्जी दस्तावेज बनवाने में किन-किन स्थानीय लोगों या अधिकारियों की मदद मिली थी।