शांति बहाल के उद्देश्य से मणिपुर में बनी नई सरकार, कुकी समुदाय ने भड़ककर सुरक्षाबल पर किया पथराव: Video में दिखी आगजनी, पुलिस ने लाठी बरसाकर हालात संभाले

मणिपुर के कुकी बहुल तुईबोंग इलाके में गुरुवार (5 फरवरी 2026) को हालात तनावपूर्ण हो गए। बताया जा रहा है कि कुकी समूहों को मणिपुर में बनी पॉपुलर गवर्मेंट में कुकी विधायकों के जुड़ने से आपत्ति थी। इसी को लेकर कुकी समुदाय के लोग सुरक्षाबल से भिड़ गए। यह हंगामा उस समय भड़का, जब कुकी-जो समुदाय के विधायकों ने नई सरकार में शपथ ली।

इस सरकार का गठन एक दिन पहले किया गया था। शपथ लेने वालों में उपमुख्यमंत्री नेमचा किपगेन भी शामिल थीं। जैसे ही इसकी जानकारी फैली, तुईबोंग और आसपास के इलाकों में विरोध शुरू हो गया। हंगामा करने के लिए सड़कों को जाम कर दिया। कई जगहों पर पत्थरबाजी भी हुई।

आखिर में सुरक्षाबल ने हालात काबू में करने के लिए सुरक्षा बलों को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े और हल्का बल प्रयोग भी किया गया। इस दौरान 5 लोगों को मामूली चोटें आने की खबर है। घटना के बाद कई पहाड़ी जिलों में बंद का असर देखा गया। बाजार और यातायात प्रभावित रहे। पूरे इलाके में भारी संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई।

कुकी संगठनों ने नई सरकार को समुदाय की माँगों के खिलाफ बताया है। उनका कहना है कि अलग प्रशासन की माँग को नजरअंदाज किया गया है। संगठनों ने इसे विश्वासघात करार दिया और नई सरकार के खिलाफ बहिष्कार की घोषणा की गई। कुछ संगठनों ने विरोध को और तेज करने की चेतावनी भी दी है।

दूसरी ओर भाजपा ने नई कैबिनेट को संतुलित और समावेशी बताया है। पार्टी का कहना है कि सरकार में विभिन्न समुदायों को प्रतिनिधित्व दिया गया है। इसका उद्देश्य राज्य में शांति बहाल करना है।