‘ब्राह्मण समाज से क्षमा माँगकर कर लो पश्चताप’ : मायावती ने लगाई अखिलेश यादव की क्लास, कहा- अपमान करना सपा का चरित्र

समाजवादी पार्टी के नेता राजकुमार भाटी के ब्राह्मण विरोधी बयान के बाद बसपा प्रमुख मायावती की तीखी प्रतिक्रिया सोशल मीडिया पर सामने आई है। उन्होंने ब्राह्मण विरोधी बयानबाजी की निंदा करते हुए सपा पार्टी और नेतृत्व की चुप्पी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सपा प्रवक्ता की हरकत के लिए सपा प्रमुख को पूरे ब्राह्मण समाज से माफी माँगकर पश्चताप कर लेना चाहिए।

अपने ट्वीट में उन्होंने कहा कि सपा का ख़ासकर दलितों, अति-पिछड़ों व मुस्लिम समाज आदि की तरह ब्राह्मण समाज-विरोधी भी इनका जातिवादी चाल व चरित्र बदला नहीं है बल्कि और ज़्यादा गहरा ही हुआ है। इसके साथ ही, ब्राह्मण समाज के प्रति वर्तमान सरकार के रवैयों को लेकर भी जो ज़बरदस्त नाराज़गी इस समाज में देखने को मिल रही है वह भी किसी से छिपा हुआ नहीं है।

बसपा सुप्रीमो ने कहा कि उनकी पार्टी ‘सर्वसमाज’ की राजनीति में विश्वास रखती है और सभी वर्गों के सम्मान व सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। इस बयान को आगामी राजनीतिक समीकरणों और उत्तर प्रदेश की जातीय राजनीति के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।