‘मेरा भोला है भंडारी’ फेम हंसराज रघुवंशी को ‘छोटे भाई’ ने दी जान से मारने की धमकी: लॉरेंस बिश्नोई का नाम लेकर माँगी ₹15 लाख की फिरौती

हिमाचल प्रदेश के मशहूर भजन गायक हंसराज रघुवंशी को जान से मारने की धमकी दी गई है। धमकी देने वाले ने खुद को लॉरेन्स बिश्नोई और गोल्डी बरार गैंग का सदस्य बतलाया और 15 लाख रुपए की माँग की। शख्स को हंसराज भी जानते हैं। उन्होंने पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाई। हंसराज को ‘मेरा भोला है भंडारी’ गाने से लोकप्रियता मिली।

शिकायत के मुताबिक, राहुल कुमार नागड़े ने ये कॉल किया है। हंसराज से उसकी पहली मुलाकात उज्जैन के महाकाल मंदिर में हुई थी। उसने धीरे धीरे हंसराज के परिवार से दोस्ती कर ली। खुद को गायक का ‘छोटा भाई’ बताने लगा। खुद को भोले बाबा का भक्त कह कर हंसराज के कॉन्सर्ट्स में शामिल होने लगा। उसने परिवार की पूरी जानकारी हासिल कर ली।

‘राहुल रघुवंशी’ नाम से इंस्टाग्राम प्रोफाइल तैयार किया और लोगों को उसके भाई होने का विश्वास हो जाए, इसलिए हंसराज से फॉलो करवाया। 2023 में वह हंसराज की शादी में भी शामिल हुआ और परिवार की तस्वीरें और पूरी जानकारी ले ली।

वह हंसराज के फैंस और आयोजकों से महँगे तोहफे लेने शुरू कर दिए। जब हंसराज को उसकी करतूतों का पता चला, तो उसने उसे अनफॉलो कर दिया। इसके बाद राहुल व्हाट्सएप, फोन के जरिए धमकियाँ देने लगा। पुलिस मामले की जाँच कर रही है।