मीरा रोड की सोसायटी में बकरों के शेड को लेकर दो गुटों में भारी बवाल, हिंदू संगठनों का प्रदर्शन: सूअर लाने और हनुमान चालीसा पाठ के बाद पुलिस का लाठीचार्ज

मुंबई से सटे मीरा रोड की पूनम क्लस्टर सोसायटी में बकरीद से पहले कुर्बानी के बकरों और उनके अस्थायी शेड को लेकर दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प हो गई। सोमवार रात से शुरू हुआ यह विवाद मंगलवार (26 मई 2026) को बेहद तनावपूर्ण स्थिति में बदल गया, जिसके बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

विवाद की शुरुआत 25 मई 2026 को हुई, जब मुस्लिम समुदाय द्वारा सोसायटी परिसर में बकरों के लिए एक अस्थाई शेड बनाया गया। स्थानीय हिंदू निवासियों और संगठनों के विरोध के बाद नगर निगम ने इस शेड को ढहा दिया। इसके बाद जब दोबारा शेड बनाने की कोशिश हुई, तो दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई।

हिंदूवादी संगठनों ने मंगलवार (26 मई 2026) की सुबह सोसायटी के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ कर उग्र विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान ‘सकल हिंदू समाज’ और ‘बजरंग दल’ के कार्यकर्ता विरोध स्वरूप बकरा मंडी के पास एक सूअर भी लेकर पहुँचे। प्रदर्शनकारियों का तर्क था कि यदि परिसर में बकरे आ सकते हैं, तो सूअर क्यों नहीं?

बढ़ते बवाल और बेकाबू होती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया। माहौल बिगड़ता देख प्रशासन ने सूझबूझ से काम लिया और बकरों को टेंपो में लादकर सोसायटी से दूसरी जगह शिफ्ट कराया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।

इस पूरे घटनाक्रम पर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। बीजेपी के पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने मौके पर पहुंचकर मुस्लिम नेताओं पर तीखा हमला बोला। उन्होंने बयान दिया, “नया नगर के कुछ मुस्लिम नेता इसे ‘मिनी पाकिस्तान’ बनाना चाहते हैं। जानबूझकर जैन और हिंदू समाज की भावनाओं को ठेस पहुँचाने के लिए सोसायटी के अंदर बकरे लाकर कुर्बानी का प्रयास किया जा रहा है। यहाँ जिहादी प्रवृत्ति को बढ़ावा देने का काम किया जा रहा है।”

दूसरी तरफ बीजेपी नेताओं और मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े ने बीएमसी कमिश्नर अश्विनी भिड़े को पत्र लिखकर रिहायशी परिसरों में जानवरों की कुर्बानी पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने की माँग की है। वहीं मुस्लिम नेताओं ने चेतावनी दी है कि ऐसा कोई भी सर्कुलर त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ सकता है और सांप्रदायिक तनाव को और अधिक बढ़ा सकता है।