धर्म परिवर्तन ना करने पर लड़की को ब्लेड मारने वाले अब्दुल का नदी में मिला शव, कई दिनों से तलाश कर रही थी पुलिस: UP के मिर्जापुर का मामला

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में कुछ दिनो पहले हुए ब्लेड हमले के मामले में एक नया मोड़ आ गया है। कटरा कोतवाली क्षेत्र के गणेशगंज में एक युवती पर ब्लेड से हमला करने के आरोप में फरार चल रहे मुख्य आरोपित अब्दुल उर्फ सैफ का शव मंगलवार (9 दिसंबर 2025) को गंगा नदी में मिला है।

पुलिस पिछले 5 दिनों से उसकी तलाश में थी। अब शुरुआती जाँच में यह संकेत मिले हैं कि युवक ने खुदकुशी की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सैफ ने नदी में कूदकर अपनी जान दी। शव पानी में फूलकर ऊपर आ गया, जिसके बाद इसे उतराता हुआ पाया गया। अनुमान है कि उसकी मौत को करीब 24–48 घंटे हो चुके हैं।

पुलिस ने आरोपी की तलाश में तेज कार्रवाई शुरू कर दी थी और उसकी गिरफ्तारी न होने की स्थिति में अब तक उसके 14 रिश्तेदारों, दोस्तों और परिचितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा चुकी है। बताया जा रहा है कि लगातार बढ़ते दबाव की वजह से आरोपित ने यह कदम उठाया होगा।

गिरफ्तारी के दबाव को देखते हुए पुलिस ने उस पर ₹25,000 का इनाम भी घोषित किया था और रामबाग, कुरैशनगर समेत कई इलाकों में घर-घर तलाश अभियान चलाया जा रहा था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब्दुल युवती का जबरन धर्म परिवर्तन करवाने की कोशिश कर रहा था और जब उसे इस काम में सफलता नहीं मिली तो उसने ब्लेड से युवती पर हमला कर दिया था।

आरोपित की गिरफ्तारी में देरी होने पर स्थानीय लोगों ने पीड़िता के घर के बाहर धरना देकर तत्काल कार्रवाई की माँग की थी। अब आरोपित की मौत की खबर से मामला एक नए मोड़ पर पहुँच गया है। पुलिस आगे की जाँच में जुटी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।