पाकिस्तान में US कॉन्सुलेट पर भीड़ का हमला, तोड़फोड़ कर की आगजनी: रिपोर्ट्स में दावा- अमेरिकी सैनिकों की गोलीबारी में 8 की मौत, दर्जनों घायल

ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनई की मौत के बाद रविवार (1 मार्च 2026) को पाकिस्तान के कराची में US कॉन्सुलेट पर भीड़ ने हमला कर दिया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सैकड़ों की संख्या में लोग कॉन्सुलेट में घुसे और उन्होंने वहाँ तोड़फोड़ की है। दावा किया जा रहा है कि प्रदर्शनकारियों ने कॉन्सुलेट के कुछ हिस्सों में आग भी लगा दी है।

सोशल मीडिया पर स्थानीय पत्रकारों द्वारा दावा किया जा रहा है कि प्रदर्शनकारियों की भीड़ पर अमेरिकी सैनिकों ने हमला कर दिया है जिसमें 8 लोगों की मौत हो गई है। इस हमले में 30 से अधिक लोगों को घायल बताया जा रहा है।

पाकिस्तान अखबार डॉन से बात करते हुए पुलिस सर्जन डॉ. सुम्मैया सैयद ने बताया कि 6 शवों को कराची के सिविल अस्पताल लाया गया है। सिंध के गृह मंत्री जियाउल हसन लांजर ने कराची के अतिरिक्त पुलिस महानिरीक्षक आजाद खान से स्थिति के बारे में जानकारी माँगी है।

लांजर ने कहा है कि किसी को भी कानून को अपने हाथ में नहीं लेने दिया जाएगा और उन्होंने कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।