बिहार में जारी विधानसभा चुनाव के बीच गोपालगंज जिले में रविवार (9 नवंबर 2025) की शाम हुए एक सड़क हादसे ने बड़े बवाल का रूप ले लिया। यादवपुर चौक के पास एक पुलिस वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालाँकि, इस बीच अफवाह फैलनी शुरू हो गई कि इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई है।
अफवाह के बाद स्थानीय लोग गुस्से में सड़क पर उतर आए और उपद्रव करते हुए पुलिस की सरकारी गाड़ी में आग लगा दी। हालात बेकाबू होते देख पुलिस को लाठीचार्ज और आँसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। पुलिस ने करीब दो दर्जन लोगों को हिरासत में भी लिया है।
गोपालगंज : उपद्रवियों ने पुलिस इंस्पेक्टर की गाड़ी को फूंका#Bihar pic.twitter.com/OttbicOQYu
— Zee Bihar Jharkhand (@ZeeBiharNews) November 10, 2025
कैसे हुआ हादसा?
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया है। गोपालगंज के एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि यह दुर्घटना उस समय हुई जब सदर सर्किल इंस्पेक्टर की गाड़ी पुलिस लाइन में पार्क करने जा रही थी।
उसी दौरान सामने से गलत दिशा में तेज रफ्तार से आ रही स्कॉर्पियो को बचाने की कोशिश में पुलिस वाहन ने उसी दिशा में जा रही बाइक को टक्कर मार दी। बाइक पर सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की पहचान लखपतिया मोड़ निवासी नंदू कुमार चौहान, एकडे़रवा गाँव निवासी आयशन अली और राज हुसैन के रूप में हुई है। एसपी के अनुसार, नंदू और आयशन की हालत गंभीर है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर किया गया है।
उकसाने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई
पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में कर लिया है, लेकिन इलाके में अब भी तनाव बना हुआ है। वही एसपी दीक्षित ने स्पष्ट किया कि जो भी लोग सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुँचाने या हिंसा में शामिल पाए जाएँगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने पूरे मामले की जाँच शुरू कर दी है और इलाके के वीडियो फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि उकसाने वालों की पहचान की जा सके।

