PM मोदी ने तिरुवनंतपुरम के नए मेयर वीवी राजेश को लिखा पत्र, ऐतिहासिक जीत बताते हुए ‘विकसित केरल’ के विजन पर दिया जोर

केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवनिर्वाचित मेयर वीवी राजेश को बधाई पत्र लिखा है। इस पत्र को राजेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया। पीएम मोदी ने इस जीत को ऐतिहासिक और युगांतकारी बताते हुए कहा कि इससे पार्टी को गर्व और खुशी मिली है।

प्रधानमंत्री ने लिखा कि केरल की राजनीति लंबे समय से LDF और UDF के कब्जे में रही है, जिनका शासन रिकॉर्ड कमजोर रहा है और जिन्होंने भ्रष्टाचार व हिंसा की संस्कृति को बढ़ावा दिया। उन्होंने कहा कि तमाम विरोध, कठिनाइयों और हिंसा के बावजूद बीजेपी कार्यकर्ताओं ने मजबूती से लोगों की आवाज उठाई।

पीएम मोदी ने केरल के समाज सुधारकों श्री नारायण गुरु, महात्मा अय्यंकाली और मन्नाथु पद्मनाभन का उल्लेख करते हुए मेयर राजेश से गरीबों, वंचितों और महिलाओं के सशक्तिकरण को प्राथमिकता देने का आग्रह किया। उन्होंने ‘ईज़ ऑफ लिविंग’ और संवेदनशील, पारदर्शी व निर्णायक शासन पर जोर दिया।

वीवी राजेश ने इस पत्र को केरल के लिए नए साल का उपहार बताया और कहा कि यह जीत बीजेपी कार्यकर्ताओं की दशकों की मेहनत का परिणाम है। उल्लेखनीय है कि तिरुवनंतपुरम में बीजेपी की जीत को पार्टी का पहला बड़ा शहरी गढ़ माना जा रहा है, जबकि शहरी निकाय चुनावों में LDF को झटका और UDF को कई जगहों पर सफलता मिली है।