‘किसी को बताया तो चेहरे पर डालूँगा तेजाब’: कलीम ने निकाह का झाँसा दे 3 साल तक किया युवती का रेप, दवाई से कराया गर्भपात; यूपी के मुरादाबाद का मामला

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक युवती के साथ रेप, शोषण और ब्लैकमेल कर ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गाँव के ही एक युवक कलीम अहमद ने निकाह का झाँसा देकर तीन साल तक युवती का शारीरिक शोषण किया।

पीड़िता के मुताबिक, उसकी मुलाकात आरोपित कलीम अहमद से फेसबुक के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और आरोपित ने शादी का वादा किया। इसी भरोसे का फायदा उठाकर उसने कई बार संबंध बनाए। जब युवती गर्भवती हुई तो आरोपित ने धोखे से उसे दवाइयाँ देकर गर्भपात करा दिया।

इतना ही नहीं आरोपित ने युवती के आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिए और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल करता रहा। युवती का कहना है कि आरोपित ने टेलरिंग का काम शुरू करने के नाम पर उससे करीब 2 लाख रुपए भी ठग लिए।

जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपित मुकर गया और शिकायत करने पर तेजाब फेंकने व जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।