मुरादाबाद में एक मकान की खरीदी को लेकर विवाद हो गया। यह मकान शहर की सबसे पॉश कॉलोनी TDI सिटी में है। मंदिर के सामने स्थित इस मकान को डॉक्टर इकरा चौधरी ने डॉक्टर अशोक बजाज से खरीदा है। विरोध में मोहल्ले के लोग सड़क पर उतर गए हैं। प्रशासन से रजिस्ट्री रद्द करने की माँग की है।
इस कॉलोनी में करीब 450 परिवार रहते हैं। सभी हिंदू ही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि डॉक्टर अशोक बजाज से मकान खरीदने की पेशकश उनके एक पड़ोसी ने भी की थी। लेकिन उन्होंने चुपके से मकान एक मुस्लिम को बेच दिया। लोगों का यह भी कहना है कि जब यह कॉलोनी बसाई गई थी तब तय किया गया था कि अन्य समुदाय के लोगों की यहाँ रजिस्ट्री नहीं होगी।
कॉलोनी के लोगों ने चंदा कर रजिस्ट्री का पैसा इकरा चौधरी को वापस करने की पेशकश की है। कहा है कि वे किसी समुदाय से नफरत नहीं करते, लेकिन उन्हें आशंका है कि दूसरे समुदाय के व्यक्ति के आने से जनसांख्यिकी में बदलाव हो सकता है। मुरादाबाद के जिलाधिकारी अनुज सिंह ने बताया है कि सबकी सहमति से इस समस्या का समाधान तलाशने की कोशिश हो रही है।