उत्तर प्रदेश की मुरादाबाद पुलिस ने हिन्दू देवी-देवताओं और महाकुंभ पर विवादित टिप्पणी करने वाली महिला नेता निर्देश सिंह को नोएडा सेक्टर-99 से गिरफ्तार किया है। महिला के खिलाफ कुछ दिन पहले ही मुरादाबाद पुलिस ने मझोला थाने में मुकदमा दर्ज किया था। अभियुक्ता निर्देश सिंह उर्फ निर्देश देवी पत्नी देवीराम गौतमबुद्ध नगर जिला के दनकौर थाना अंतर्गत रोशनपुर की निवासी है।
मुरादाबाद के एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि पुलिस टीम को महिला के नोएडा में होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद महिला टीम को नोएडा भेजा गया था। गिरफ्तारी के बाद महिला ने अपना स्वास्थ्य खराब बताया है। आरोपित वर्तमान में गर्भवती बताई जा रही है। उसे अस्पताल में चेकअप कराने के बाद उसके अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बता दें कि इस मामले में आरोपित महिला को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने इससे पहले उसके घर छापेमारी भी की थी। हालाँकि, वह वहाँ नहीं मिली थी। पुलिस ने बताया कि यह महिला पहले मझोला के कांशीराम कॉलोनी में रहती थी। खुद को अंबेडकरवादी कहने वाली निर्देश देवी के खिलाफ मुरादाबाद के बजरंग दल के नेता प्रमोद सैनी ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर FIR हुई थी।