मध्य प्रदेश के इंदौर के तिलक नगर थाना क्षेत्र में एक हिंदू युवती ने सलमान नाम के युवक पर धर्म और नाम छिपाकर दोस्ती करने, जबरन शारीरिक संबंध बनाने और धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित सलमान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, सलमान इंस्टाग्राम पर हिंदू नाम से फर्जी आईडी बनाकर युवती से संपर्क में था।
सोशल मीडिया से शुरू हुई पहचान
पुलिस जाँच में सामने आया है कि यूपी के बरेली की रहने वाली पीड़िता इंदौर में रहकर प्राइवेट नौकरी करती है। उसकी पहचान इंस्टाग्राम पर आकाश नाम के लड़के से हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों की मुलाकातें होने लगीं। पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान आरोपित ने उस पर दबाव बनाकर कई बार जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता के अनुसार, काफी समय बाद उसे पता चला कि युवक का असली नाम सलमान है। नाम और पहचान छिपाने की बात सामने आने पर उसे धोखे का एहसास हुआ। आरोप है कि सलमान ने न सिर्फ उसका रेप किया, बल्कि पैसे भी लिए और फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर डराता रहा। पुलिस को आरोपित के मोबाइल से कई फर्जी सोशल मीडिया आईडी भी मिली है।
हिंदू संगठनों ने किया पुलिस के हवाले
घटना से परेशान होकर पीड़िता ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से संपर्क किया। संगठन के जिला संयोजक लक्की रघुवंशी के अनुसार, युवती ने रात में फोन कर मदद माँगी थी और प्रारंभिक बातचीत में पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद संगठन के कार्यकर्ताओं ने आरोपित सलमान को पकड़कर तिलक नगर पुलिस के हवाले कर दिया और सख्त कार्रवाई की माँग की।
तिलक नगर थाना प्रभारी मनीष लोधा ने बताया कि युवती की शिकायत के आधार पर सलमान के खिलाफ दुष्कर्म, धोखाधड़ी और अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पीड़िता का मेडिकल टेस्ट कराया जा चुका है और उसके बयान भी दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जाँच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

