मुंबई लोकल में महिलाओं के कोच में चढ़ा 50 साल का शेख अख्तर, बहस के बाद 18 साल की छात्रा को ट्रेन से दिया धक्का: पुलिस ने किया अरेस्ट, Video आया सामने

महाराष्ट्र की मुंबई लोकल से जुड़ी एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। पनवेल और खंडेश्वर रेलवे स्टेशन के बीच चलती लोकल ट्रेन में शेख अख्तर नवाज नाम के एक आदमी ने सरेआम एक युवती को धक्का देकर ट्रेन से नीचे गिरा दिया।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल (CSMT) की ओर जा रही लोकल ट्रेन के महिला डिब्बे में 18 वर्षीय कॉलेज छात्रा सफर कर रही थी। इसी दौरान 50 वर्षीय शेख अख्तर नवाज, महिला डिब्बे में घुस आया। महिलाओं द्वारा आपत्ति जताने और नीचे उतरने को कहने पर वह उनसे उलझ गया।

बहस के दौरान आरोपित ने गुस्से में आकर युवती को पीछे से जोर से धक्का दे दिया, जिससे वह चलती ट्रेन से सीधे पटरी पर जा गिरी। हादसे में छात्रा के सिर, कमर और हाथ-पैरों में गंभीर चोटें आईं। गिरने के बाद उसने अपने पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया।

इसके बाद आरोपित खंडेश्वर स्टेशन पर उतरकर भागने की कोशिश कर रहा था लेकिन यात्रियों ने उसे पकड़कर रेलवे पुलिस के हवाले कर दिया। पनवेल रेलवे पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज किया है और कोर्ट ने उसे 3 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।