वैदिक मंत्रोच्चार के बीच ओढ़ा भगवा, जनेऊ पहन बने सनातनी: मुस्लिम परिवार के 6 सदस्यों ने अपनाया हिंदू धर्म, यूपी के मुजफ्फरनगर की घटना

मुजफ्फरनगर जिले के बघरा क्षेत्र में स्थित योग साधना आश्रम में शनिवार (13 दिसंबर 2025) को एक कार्यक्रम के दौरान हापुड़ जनपद के एक मुस्लिम परिवार के छह सदस्यों ने हिंदू धर्म अपनाया। यह ‘घर वापसी’ कार्यक्रम आश्रम के पीठाधीश्वर स्वामी यशवीर महाराज के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, धर्म परिवर्तन की प्रक्रिया गंगा, यमुना और सरयू के पवित्र जल से शुद्धिकरण के साथ शुरू हुई। स्वामी यशवीर महाराज ने परिवार के सभी सदस्यों को आचमन कराया, जिसके बाद आश्रम परिसर में हवन-यज्ञ का आयोजन हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच परिवार के सदस्यों ने आहुतियाँ दीं।

कार्यक्रम के बाद परिवार को हिंदू रीति-रिवाजों से जोड़ा गया। उन्हें भगवा पटका पहनाया गया और जनेऊ धारण कराया गया। इस अवसर पर उनके नाम भी परिवर्तित किए गए। फुरकान का नाम विशाल, नगीना का प्रीति, अफसा कुमारी का नेहा, अलफिजा कुमारी का पूजा, अमन का आकाश और मन्तसा का मनसा रखा गया।

परिवार के सदस्यों ने अपने नए नामों के साथ सनातन धर्म की परंपराओं को अपनाने और आगे चलकर पूरी तरह हिंदू रीति-रिवाजों का पालन करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह निर्णय उन्होंने अपनी स्वेच्छा से लिया है।