मुजफ्फरनगर में 15 साल तक मुस्लिम युवक ने हिंदू लड़के को बनाकर रखा गुलाम: नमाज पढ़वाने और धर्मांतरण कराने का वीडियो वायरल, सलमान-दानिश समेत 4 गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ ‘अफसर’ नाम के व्यक्ति ने हरिद्वार निवासी राकेश शर्मा को 15 साल तक अपना गुलाम बनाकर रखा। इस मामले का खुलासा तब हुआ, जब आरोपित ने राकेश को मस्जिद ले जाकर जबरन नमाज पढ़वाई और उसका Video सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

Video में हिंदू युवक का धर्मांतरण कराए जाने की पुष्टि होते ही हिंदू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए मुख्य आरोपित अफसर और उसके तीन साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस जाँच में पता चला है कि आरोपित अफसर ने करीब 15 साल पहले हरिद्वार से राकेश शर्मा का अपहरण किया था और तब से उसे मुजफ्फरनगर के सीकरी गाँव में बंधक बनाकर रखा हुआ था।

कुछ दिन पहले अफसर अपने साथियों सलमान, दानिश और अनस के साथ राकेश को मस्जिद ले गया, जहाँ नमाज पढ़ाते हुए उसका Video बनाया गया। पुलिस ने इन चारों आरोपियों के खिलाफ अपहरण, धर्मांतरण विरोधी कानून और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।