केंद्र से मिलेंगे ₹2 लाख, राज्य देगा ₹6 लाख: नालंदा के शीतला मंदिर में हुई भगदड़ मामले में सरकार ने किया मुआवजे का ऐलान, मृतकों की संख्या 9 हुई

नालंदा के शीतला माता मंदिर में मचे भगदड़ में 8 महिलाओं समेत 9 लोगों के मरने की पुष्टि हो चुकी है। मृतकों में रीता देवी का नाम शामिल है, जो बिहारशरीफ के सकुन्त मोहल्ले की रहने वाली हैं। इसके अलावा नूरसराय की रेखा देवी , रहुई की अनुष्का देवी और चिंता देवी, नवादा की कांति देवी , इस्लामपुर की देवंती देवी , हिलसा की मालो देवी, दीपनगर की कानी देवी शामिल हैं।

मंगलवार (31 मार्च 2026) की सुबह यहाँ भगड़ मच गई। मंदिर के पास मेला लगा हुआ था। हादसे के बाद बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात कर दिए गए हैं।

नालंदा के एसपी भारत सोनी ने कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में है और एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जाँच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इलाके के सीसीटीवी कैमरे को खँगाला जा रहा है। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है।

घटना पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत कई नेताओं ने दुख जताया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

सीएम नीतीश कुमार ने मृतकों के परिजनों को छह लाख रुपये मुआवजे देने की घोषणा की है। वहीं केंद्र सरकार ने भगदड़ में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए मदद करने की घोषणा की है।