उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के चांदपुर कस्बे में बकरीद के दिन सड़क पर नमाज अदा किए जाने के मामले में पुलिस ने 15 नामजद सहित कुल 40 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जाँच शुरू की और संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली।
मुकदमे में समून, नवी बख्श, ऐजाज, सलीम, मुशर्रफ, मोहम्मद अहमद, अलीम चौधरी, हाजी अनवार, बदरुद्दीन, बिकालुद्दीन, तमीदुद्दीन, अब्दुल रऊफ, मुमताज, छम्मन उर्फ शैफुद्दीन और इरफान को नामजद किया गया है। इसके अलावा अन्य अज्ञात लोगों को भी आरोपित बनाया गया है।
पुलिस के अनुसार, बकरीद की नमाज के दौरान बड़ी संख्या में लोग महमूदपुर मार्ग स्थित ईदगाह पहुँचे थे। भीड़ बढ़ने पर कुछ लोग ईदगाह परिसर से बाहर निकलकर सड़क किनारे नमाज अदा करने लगे। मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें सार्वजनिक मार्ग पर नमाज न पढ़ने की सलाह दी, लेकिन कुछ लोगों ने निर्देशों का पालन नहीं किया।
इसके बाद थाना प्रभारी राहुल सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस का दावा है कि ईदगाह परिसर के भीतर पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध थी। सड़क पर नमाज अदा किए जाने से यातायात प्रभावित हुआ, जिसके आधार पर मामला दर्ज किया गया। अधिकारियों ने कहा है कि मामले की जाँच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

