भारतीय नाविकों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण: ट्रंप से सीधी बात में PM मोदी की दो टूक, अमेरिकी राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री को बताया ‘सख्त वार्ताकार-फरिश्ते जैसा’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार (17 जून 2026) को फ्रांस के एवियन में G7 समिट से इतर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब होर्मुज स्ट्रेट के पास अमेरिकी हमले में 3 भारतीय नाविकों की मौत के बाद दोनों देशों के रिश्तों में तल्खियाँ नजर आ रही हैं। इस दौरान पीएम मोदी ने मिडिल ईस्ट में शांति के लिए ट्रंप का अभिवादन किया है और अमेरिकी राष्ट्रपति ने भी प्रधानमंत्री की तारीफ की है।

इस दौरान पीएम मोदी ने कहा, “राष्ट्रपति से आपसे मिलकर खुशी हो रही है। हमारे संबंधों में नई गति और नई ऊर्जा आई है। कई विषयों को लेकर हम आगे चल रहे हैं। हमारी टीमें जो हमने टार्गेट तय किए हैं उन्हें पूरा करने की कोशिश में लगी हैं।”

उन्होंने कहा, “पश्चिम एशिया में शांति के प्रयासों में जो शांति हुई है इसके लिए मैं आपका अभिनंदन करता हूँ। आपके इन प्रयासों के कारण शांति की एक नई किरण नजर आ रही है और हम आशा करते हैं कि यह स्थाई शांति बनेगी।”

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “हम और आप इस बात से सहमत हैं कि होर्मुज का खुला रहना वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए बहुत ही अनिवार्य है। हम हमेशा कहते रहे हैं कि ‘फ्रीडम ऑफ नेविगेशन’ सुनिश्चित होना चाहिए। इस पर हमें बल देना चाहिए।”

उन्होंने कहा, “भारत के लाखों नाविक दुनिया के अलग-अलग समुंदर में अपनी सेवाएँ दे रहे हैं, विश्व की प्रगति में योगदान दे रहे हैं। और मैं समझता हूँ कि उनकी सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। मुझे पूरा विश्वास है कि समझौते में नाविकों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी और उसको प्राथमिकता मिलेगी।”

बातचीत के दौरान ट्रंप ने पीएम मोदी की जमकर तारीफ की। ट्रंप ने कहा, “बहुत सख्त वार्ताकार हैं। वह दिखने में बहुत अच्छे लगते हैं, जैसे कोई फरिश्ता हो। लेकिन असल में वह बेहद सख्त और मजबूत हैं।” उन्होंने कहा, “उनका व्यक्तित्व आपको चौंका देता है। लोग कहते हैं कि वह बहुत अच्छे इंसान हैं लेकिन मैं कहता हूँ कि वह बहुत मजबूत नेता हैं। वह भारत के लोगों से प्यार करते हैं, लेकिन अमेरिका से भी प्यार करते हैं।”

क्वाड (QUAD) के भविष्य को लेकर पूछे गए सवाल पर ट्रंप ने कोई सीधा जवाब नहीं दिया। हालाँकि, उन्होंने भारत-अमेरिका संबंधों को बेहद अहम बताया। ट्रंप ने कहा कि यदि भारत पर किसी तरह का हमला होता है तो अमेरिका उसकी सहायता के लिए खड़ा होगा। इस दौरान उन्होंने अपनी भारत यात्रा को भी याद करते हुए दोनों देशों के मजबूत रिश्तों का जिक्र किया।