नासिक TCS BPO में यौन शोषण और जबरन धर्म परिवर्तन मामले में गिरफ्तार आरोपित दानिश शेख की अम्मी तबस्सुम शेख ने अपने बेटे के पाक साफ बताने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि मीडिया में जो तस्वीर पेश की जा रही है, वह पूरी तरह गलत है और उनके बेटे को गलत तरीके से फँसाया गया है।
मीडिया में दिखाई जा रही तस्वीर गलत
तबस्सुम शेख ने इंडिया टुडे TV से बातचीत में कहा, “मेरा बेटा निर्दोष है और उसे न्याय मिलना चाहिए। मीडिया में जो दिखाया जा रहा है, वह सच नहीं है।” उन्होंने दावा किया कि दानिश और शिकायतकर्ता महिला के बीच केवल सामान्य बातचीत होती थी और कोई अनुचित हरकत नहीं हुई।
तबस्सुम शेख ने जबरन धर्म परिवर्तन के आरोपों को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि इस्लाम में धर्म परिवर्तन की एक तय प्रक्रिया होती है, जिसमें मौलाना और गवाह शामिल होते हैं। उन्होंने कहा, “यह कोई सामान्य बातचीत से नहीं होता। लड़की खुद हमारे धर्म के बारे में सवाल पूछती थी, मेरे बेटे ने सिर्फ जवाब दिए।”
उन्होंने शिकायत में बताए गए तथ्यों पर भी सवाल उठाए। तबस्सुम के मुताबिक, दानिश और महिला के बीच लगभग 10 साल का उम्र का अंतर है। उन्होंने कहा, “मेरा बेटा 2016 में पढ़ाई पूरी कर चुका था, फिर वह कैसे उसके साथ कॉलेज में पढ़ सकती है?” दोनों की मुलाकात 2023 में नौकरी के दौरान हुई थी और बातचीत भी लड़की की ओर से शुरू हुई।
अच्छा चरित्र, कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं
तबस्सुम ने अपने बेटे को एक शिक्षित और सभ्य व्यक्ति बताया, जिसका कभी कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं रहा। उन्होंने बताया कि दानिश की शादी 2018 में हो चुकी है और उसके दो बच्चे हैं। उन्होंने कहा “वह एक जिम्मेदार परिवार वाला इंसान है।” उन्होंने कार्यस्थल से जुड़े अन्य आरोपों को भी खारिज करते हुए कहा कि दानिश शाकाहारी है और उसके बारे में गलत बातें फैलाई जा रही हैं।
मामले के चलते परिवार की स्थिति भी खराब हो गई है। तबस्सुम भावुक हो गईं और कहा, “मेरा बेटा ही घर का कमाने वाला था। मेरी बहू डिप्रेशन में है और अस्पताल में भर्ती है।” उन्होंने अन्य आरोपितों को भी निर्दोष बताया और कहा कि सभी अच्छे लड़के हैं।
अंत में उन्होंने कहा, “मेरा बच्चा ऐसा नहीं कर सकता। हमारा धर्म किसी पर उंगली उठाना नहीं सिखाता। हर किसी को अपने रास्ते पर चलना चाहिए।”

