बिहार चुनाव से पहले NDA ने जारी किया ‘संकल्प पत्र’: जानिए युवाओं-किसानों-महिलाओं से किए कौन-कौन से वादे

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनजर NDA ने आज (31 अक्तूबर 2025) अपना ‘संकल्प पत्र’ जारी कर दिया। इस दौरान मंच पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, HAM के प्रमुख जीतनराम मांझी समेत गठबंधन के कई नेता मौजूद रहे।

NDA ने संयुक्त रूप से ‘संकल्प पत्र’ जारी करते हुए बताया कि उनका लक्ष्य ‘विकसित बिहार, समृद्ध बिहार’ बनाना है। संकल्प पत्र में युवाओं के लिए करोड़ों रोजगार अवसर, महिलाओं के लिए स्वरोजगार योजनाएँ, हर जिले में आईटी और एमएसएमई क्लस्टर विकसित करने, कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक अपनाने जैसे वादे किए गए हैं।

शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार के साथ-साथ ग्रामीण सड़क और सिंचाई परियोजनाओं को भी प्राथमिकता दी गई है। NDA ने वादा किया है कि बिहार के हर युवा को नौकरी या रोजगार दिया जाएगा। इसके तहत 1 करोड़ से अधिक सरकारी नौकरियाँ और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएँगे।

महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर देते हुए NDA ने कहा कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत महिलाओं को 2 लाख रुपए तक की सहायता राशि दी जाएगी। सरकार का लक्ष्य है कि 1 करोड़ महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाया जाए।