दिल्ली पहुँचे कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दिपके, कहा- ‘किताब और तिरंगा लाना न भूलें…’: जंतर-मंतर के आस पास भारी पुलिस बल तैनात

नीट (NEET) पेपर लीक विवाद को लेकर देश की राजधानी दिल्ली में सियासी और सामाजिक सरगर्मी अचानक बढ़ गई है। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के फाउंडर अभिजीत दिपके शनिवार (06 जून 2026) को सुबह करीब 7:35 बजे अमेरिका के बोस्टन से दिल्ली के इंदिरा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय (IGI) हवाई अड्डे पर पहुँचे। दिपके दिल्ली के ऐतिहासिक जंतर-मंतर पर आयोजित होने वाले विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करने के लिए भारत लौटे हैं। इस कथित आंदोलन का मुख्य उद्देश्य नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की माँग करना है।

दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरने के तुरंत बाद अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर अपने समर्थकों के लिए एक संदेश पोस्ट किया। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, “लैंडिंग हो गई। जंतर-मंतर पर आप सभी से मिलने का बेसब्री से इंतजार है। किताब और हमारा तिरंगा लाना न भूलें! सहानुभूति और कृतज्ञता के प्रतीक के रूप में पुलिसकर्मियों को फूल भेंट करें। हमें इस आंदोलन का नेतृत्व प्रेम और शांति के साथ करना है।”

अभिजीत दिपके ने अपने सभी समर्थकों और प्रदर्शनकारियों से सुबह 9 बजे पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने के सामने जुटने की अपील की है।

दूसरी तरफ, दिल्ली पुलिस इस प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को लेकर पूरी तरह मुस्तैद और अलर्ट पर है। सुरक्षा के लिहाज से जंतर-मंतर को दोनों तरफ से भारी बैरिकेडिंग करके घेर दिया गया है। शुक्रवार (5 जून 2026) से ही यहाँ स्थानीय पुलिस के साथ-साथ अर्धसैनिक बलों की भारी तैनाती देखी जा रही है। नई दिल्ली क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 1,000 से अधिक अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को ड्यूटी पर लगाया गया है।

इस बीच, कॉकरोच इज बैक नाम के एक्स हैंडल से दावा किया गया है कि दिल्ली पुलिस ने विरोध प्रदर्शन की इजाजत दे दी है।

कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से औपचारिक निवेदन के बाद पुलिस ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन की इजाजत दे दी।