सड़क हादसे के बाद अस्पताल से सीधे परीक्षा केंद्र पहुँची सृष्टि दुबे, धर्मेंद्र प्रधान के निर्देश पर मिला अलग कमरा: कराई गई मेडिकल टीम और एंबुलेंस की व्यवस्था

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने एक्सीडेंट में घायल NEET परीक्षार्थी सृष्टि दुबे के लिए पश्चिम बंगाल में परीक्षा केंद्र पर विशेष व्यवस्था कराई, जिसके बाद वह परीक्षा देने पहुँच सकीं। मंत्री के निर्देश पर परीक्षा केंद्र में छात्रा के लिए अलग कमरा तैयार किया गया, ग्राउंड फ्लोर पर बैठने की व्यवस्था की गई और मेडिकल सहायता के साथ एंबुलेंस भी उपलब्ध कराई गई।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सृष्टि दुबे 14 जून 2026 को एक गंभीर सड़क हादसे का शिकार हो गई थीं। इस दुर्घटना में उनकी नौ पसलियाँ टूट गईं और फेफड़ों को भी नुकसान पहुँचा। उनकी सर्जरी हुई और इलाज के दौरान उन्हें कृत्रिम ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया। हालत चुनौतीपूर्ण होने के बावजूद सृष्टि ने NEET परीक्षा देने का फैसला किया।

छात्रा के पिता ने शिक्षा मंत्री तक अपनी अपील पहुँचाई और बताया कि अस्पताल की ओर से डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ के साथ मेडिकल सपोर्ट देने की तैयारी है। उन्होंने अनुरोध किया कि बेटी को परीक्षा केंद्र पर विशेष अनुमति दी जाए ताकि वह अस्पताल के कपड़ों और जरूरी मेडिकल उपकरणों के साथ परीक्षा दे सके।

इसके बाद प्रशासन ने तेजी से व्यवस्था की और कोलकाता के ढाकुरिया स्थित परीक्षा केंद्र पर सभी जरूरी इंतजाम किए गए। परीक्षा के दौरान मेडिकल टीम सतर्क रही। आखिरकार सृष्टि ने अपनी इच्छाशक्ति और हिम्मत के दम पर परीक्षा दी। इस मानवीय सहयोग के लिए परिवार ने शिक्षा मंत्री का आभार भी जताया।