गोवा अग्निकांड का नया Video आया सामने, डांसर के नाचते वक्त भड़कती दिखी आग: नाइट क्लब का मैनेजर गिरफ्तार, PM मोदी ने घोषित किया मुआवजा

गोवा के अरपोरा स्थित नाइट क्लब में लगी भीषण आग में 25 लोगों की मौत के बाद सरकार ने कड़ी कार्रवाई की है। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने रविवार (7 दिसंबर 2025) को इस हादसे पर गंभीर चिंता जताते हुए मजिस्ट्रियल जाँच के आदेश जारी किए। उन्होंने बताया कि क्लब के जनरल मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों पर भी कार्रवाई की जा रही है।

सीएम सावंत ने कहा, “मैंने कॉलेज के डीन से बात की है। हमने घटना की मजिस्ट्रेट जाँच के आदेश दे दिए हैं। क्लब ने क्या अनुमतियाँ लीं और किसने दीं, इसकी जाँच की जाएगी।” उन्होंने आगे कहा, “क्लब मालिकों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया गया है। प्रबंधकों और अन्य लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया है। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे सलाखों के पीछे डाला जाएगा।”

PM मोदी ने सीएम को फोन कर जाना हाल

मुख्यमंत्री सावंत ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें फोन कर घटना की जानकारी ली और केंद्र की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों के लिए 2-2 लाख रुपए और घायलों के लिए 50-50 हजार रुपए के मुआवजे का ऐलान किया है।

नए वीडियो ने बढ़ाए सवाल, जाँच में कई एंगल

इस बीच घटना का नया वीडियो सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि स्टेज पर एक डांसर की परफॉर्मेंस के दौरान अचानक क्लब की छत से आग की लपटें उठने लगीं। हैरानी की बात यह थी कि उस समय न तो कोई फायर अलार्म बजा और न आग बुझाने की कोई प्रक्रिया चालू हुई।

वीडियो में कलाकारों और स्टाफ को समय रहते बाहर निकलते देखा गया लेकिन बेसमेंट में मौजूद कई लोग धुएँ, अफरा-तफरी और भगदड़ में फँस गए। प्रशासन ने क्लब की क्षमता, फायर सेफ्टी सिस्टम, लाइसेंस और निर्माण अनुमति की दिशा में फॉरेंसिक जाँच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि अगर लापरवाही साबित हुई, तो और भी गिरफ्तारियाँ होंगी।