राजस्थान के भीलवाड़ा में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक जंगल में 15 दिन का एक नवजात शिशु लावारिस हालत में मिला। बच्चे के होंठ फेवीक्विक से चिपकाए गए थे और उसके मुँह में एक पत्थर भी मिला। पत्थर शायद इसलिए रखा गया था ताकि बच्चा रो न सके और उसकी आवाज बाहर न आए। लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद, बच्चा बच गया।
जानकारी के अनुसार, यह घटना भीलवाड़ा के मांडलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बिजोलिया थाना क्षेत्र की है। एक पशुपालक ने बच्चे को जंगल में देखा और उसके मुँह से पत्थर निकाला। इसके बाद उसे तुरंत इलाज के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है और बच्चे के माता-पिता का पता लगाने की कोशिश कर रही है। पुलिस आस-पास के अस्पतालों में हुई डिलीवरी की रिपोर्ट भी खंगाल रही है और गाँव वालों से भी पूछताछ कर रही है।

