NIA ने पश्चिम बंगाल से अहीदुल इस्लाम मोल्ला को किया गिरफ्तार, मार्च में हुए बम धमाके का आरोपित: TMC नेताओं के साथ वीडियो वायरल होने के बाद पकड़ा गया

NIA ने पश्चिम बंगाल में अहीदुल इस्लाम मोल्ला नाम के अपराधी को गिरफ्तार किया है, जो टीएमसी का काफी करीबी माना जाता है। उसकी मार्च 2026 में हुए बम धमाके में तलाश थी, लेकिन टीएमसी मुखिया ममता बनर्जी समेत पूरी टीएमसी उसे बचाने में लगी थी। हाल ही में उसका एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें वो टीएमसी के दिग्गज नेताओं के साथ घूम रहा था। अब NIA ने उसे दबोच लिया है।

बता दें कि जिस धमाके में अहीदुल इस्लाम मोल्ला को गिरफ्तार किया गया है, वो साउथ 24 परगना जिले में मार्च 2026 में हुआ था। इस धमाके में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। यह धमाका बम बनाते समय हुआ था, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था।

कैसे हुआ धमाका और क्या है पूरा मामला

NIA के मुताबिक यह घटना साउथ 24 परगना के बिजॉयगंज बाजार इलाके के पास दक्षिण बामुनिया गाँव में हुई थी। जाँच में सामने आया है कि आरोपित अहीदुल इस्लाम मोल्ला इस साजिश का हिस्सा था और बम बनाने के साथ-साथ सबूत मिटाने की कोशिश में भी शामिल था।

बताया जा रहा है कि साजिश के तहत बम तैयार किए जा रहे थे, लेकिन इसी दौरान अचानक विस्फोट हो गया। इस हादसे में साजिश में शामिल एक आरोपित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग बुरी तरह घायल हो गए। इस मामले में पहले ही राज्य पुलिस एक अन्य आरोपित को गिरफ्तार कर चुकी है।

NIA की जाँच में बड़े खुलासे, आगे की कार्रवाई जारी

NIA की जाँच में यह साफ हुआ है कि यह कोई साधारण हादसा नहीं बल्कि एक सुनियोजित साजिश थी। अहीदुल इस्लाम मोल्ला को इस केस में प्राइम आरोपित और को-कॉन्स्पिरेटर माना गया है।

एजेंसी अब इस पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है ताकि बाकी आरोपितों की भी पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके। मामले की जाँच अभी जारी है, NIA का कहना है कि आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियाँ हो सकती हैं।