बिहार विधानसभा चुनाव में NDA की शानदार जीत के बाद गुरुवार (20 नवंबर 2025) को नीतीश कुमार 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। पटना के गाँधी मैदान में होने वाले इस समारोह में नई सरकार का गठन होगा। शपथ ग्रहण समारोह में PM मोदी समेत 11 राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे।
नीतीश कुमार की कैबिनेट में इस बार भी बीजेपी कोटे से दो उप-मुख्यमंत्री यानि डिप्टी सीएम होंगे। पिछली सरकार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ही फिर से यह पद सँभालेंगे।
जेडीयू से विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव, श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, लेसी सिंह और जमा खान जैसे नेता मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। बीजेपी की तरफ से मंगल पांडे, नितिन नवीन, रेणु देवी, संजय सरावगी, रमा निषाद और कृष्ण कुमार ऋषि भी मंत्री बनने की दौड़ में हैं।
गठबंधन के बाकी सहयोगियों को भी जगह मिली है। हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) से जीतनराम मांझी के बेटे संतोष कुमार सुमन और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) से उपेंद्र कुशवाहा की पत्नी स्नेहलता कुशवाहा मंत्री बनेंगी। चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) से राजू तिवारी भी शपथ लेंगे।

