सुदर्शन न्यूज के प्रधान संपादक डॉ सुरेश चव्हाणके को जान से मारने की धमकी मिलने के मामले में नोएडा पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। धमकी के तार विदेश, विशेष रूप से सऊदी अरब के जद्दाह क्षेत्र से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।
सुदर्शन न्यूज चैनल के प्रधान संपादक एवं वरिष्ठ पत्रकार डॉ सुरेश चव्हाणके को जान से मारने की धमकी मिली है। इस संबंध में बुधवार (28 जनवरी 2026) को थाना सेक्टर-58, नोएडा (गौतमबुद्ध नगर) में FIR दर्ज की गई है। धमकी सुदर्शन न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म और चैनल के कर्मचारियों को मिली थी, जिसमें साफ तौर पर डॉ चव्हाणके को निशाना बनाने की बात कही गई है।
BNS और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर साइबर फॉरेंसिक और तकनीकी जाँच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जाँच में संकेत मिले हैं कि धमकी देने वाला व्यक्ति या गिरोह विदेश से संचालित हो सकता है और इसके सऊदी अरब के जद्दाह क्षेत्र से जुड़े होने की संभावना जताई जा रही है।
घटना के बाद डॉ सुरेश चव्हाणके के नेतृत्व में सुदर्शन न्यूज ने संगठित अपराध, अवैध नेटवर्क और कट्टरपंथी गतिविधियों से जुड़े कई बड़े खुलासे किए हैं। हाल ही में गुजरात ATS ने ऐसे आतंकवादियों को गिरफ्तार किया था, जिन्होंने कथित रूप से उनकी हत्या की सुपारी ली थी।

